आसनसोल, 14 अप्रैल ।
मंगलवार से 50 वर्ष से अधिक उम्र तथा 40 फ़ीसदी दिव्यांग मतदाताओं की वैलेट पेपर के माध्यम से वोटिंग प्रक्रिया शुरू हो गई। यह प्रक्रिया मंगलवार से दो दिनों तक चलेगी। जिले में ऐसे मतदाताओं की कुल संख्या 5246 है। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में इनकी संख्या अलग-अलग है, जिनमें पांडेश्वर में 521, दुर्गापुर में 606, दुर्गापुर पश्चिम में 602, रानीगंज में 522, जामुड़िया में 586, आसनसोल दक्षिण में 554, आसनसोल उत्तर में 703, कुल्टी में 462 और अन्य क्षेत्रों में 687 मतदाता शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि
इन मतदाताओं के घर जाकर मतदान कराने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में दो पोलिंग अधिकारी, एक माइक्रो ऑब्जर्वर, एक कैमरामैन, केंद्रीय बल के चार जवान, राज्य पुलिस के दो जवान और संबंधित बूथ के बीएलओ शामिल होंगे। बीएलओ इन मतदाताओं की पहचान की पुष्टि करेंगे।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 13 से 15 टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें दो दिनों के भीतर सभी चिन्हित मतदाताओं से मतदान कराना है। ये मतदाता बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान करेंगे, जिसके लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए चुनाव आयोग ने इस बार फर्जी मतदाताओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से कई सख्त और अनोखे कदम उठाए हैं। इसके तहत प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को मतदान शुरू होने से लेकर समाप्ति तक अनिवार्य रूप से तैनात रहने का निर्देश दिया गया है।
बीएलओ का मुख्य कार्य सही मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करना होगा। यदि कोई मतदाता मोबाइल फोन लेकर मतदान केंद्र पर आता है, तो बीएलओ उसका मोबाइल अपने पास सुरक्षित रखेंगे और मतदान के बाद उसे वापस करेंगे। इसके लिए बूथ पर ही रिसीविंग स्लिप दी जाएगी। किसी मतदाता को लेकर यदि पीठासीन अधिकारी को संदेह होता है, तो बीएलओ उसकी पुष्टि करेंगे कि वह वास्तविक मतदाता है या नहीं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति किसी अन्य के नाम पर वोट न डाल सके।
इसी संबंध में सोमवार को आसनसोल के रवींद्र भवन में बीएलओ को प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनर अनुज चक्रवर्ती ने प्रशिक्षण सत्र का संचालन किया, जिसमें आसनसोल सदर के महकमा शासक अधोर कुमार राय और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान बीएलओ को घर-घर जाकर बूथ स्लिप वितरण करने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। बूथ स्लिप वितरण का कार्य मंगलवार से शुरू किया जाएगा।
इसके साथ ही 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर-घर जाकर मतदान कराने की विशेष व्यवस्था की गई है।
