कोलकाता, 01 नवंबर । नदिया जिले के तेहट्टा के होगलबेड़िया इलाके में जमीन विवाद को लेकर रविवार को दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया। इस दौरान धारदार हथियार, लाठी और बांस से हमला किए जाने का आरोप है। दोनों पक्षों के करीब 10 लोग घायल हुए हैं। घटना के दौरान हवा में गोली चलाने का भी आरोप लगा है। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे कृष्णनगर स्थानांतरित किया गया है। अन्य घायलों का इलाज करीमपुर ग्रामीण अस्पताल में चल रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, होगलबेड़िया के कालीगांगी गांव में करीब 12 बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। फिलहाल यह मामला कानूनी प्रक्रिया के अधीन है। दोनों पक्ष जमीन पर अपना दावा कर रहे हैं। एक पक्ष के नाम पर जमीन का रिकॉर्ड दर्ज है और वह वहां खेती भी करता है। वहीं, दूसरे पक्ष का दावा है कि स्वतंत्रता से पहले के दस्तावेजों के आधार पर उक्त 12 बीघा जमीन उनकी है और उस पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है।
बताया गया है कि रविवार को एक पक्ष पुराने दस्तावेजों के आधार पर जमीन पर कब्जा करने पहुंचा। इस दौरान जमीन के रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने वाले पक्ष ने विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते संघर्ष शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान हवा में गोलियां चलाई गईं। धारदार हथियार से हमला करने के साथ ही लाठी और बांस से भी लोगों की पिटाई की गई। घटना में महिलाओं समेत करीब 10 लोग घायल हो गए। घायल पक्ष के एक युवक ने आरोप लगाया कि सभी कानूनी और वैध दस्तावेज होने के बावजूद दूसरे पक्ष के लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला किया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने बताया कि एक पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
