कोलकाता, 01 नवम्बर।
मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता द्वारा रविवार पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों में मानवता की सेवा का एक और अनुकरणीय उदाहरण पेश करते हुए निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक दवाइयां मुफ्त उपलब्ध कराई गईं।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह स्वास्थ्य अभियान मुख्य रूप से दो स्थानों पर आयोजित किया गया। श्याम नगर (उत्तर 24 परगना) में यह कैंप तपोसिली आदिवासी द्वारा संगठन के सहयोग से आयोजित हुआ।
सिंगूर में यह कैंप भारत सेवा संघ के प्रांगण में लगाया गया।
इन दोनों शिविरों में कुल 535 से अधिक मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई और उन्हें लाभान्वित किया गया।
शिविर में पहुंचे मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की गई।
कुल 535 मरीजों की जांच की गई। शिविर में आए मरीजों की आंखों की जांच कर 145 लोगों को नजर के चश्मे निःशुल्क प्रदान किए गए।
जांच के दौरान 40 मरीजों में मोतियाबिंद की शिकायत पाई गई, जिनके ऑपरेशन की आगे की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, अन्य रोगियों का सामान्य हेल्थ चेकअप और शुगर (रक्त शर्करा) की टेस्टिंग की गई तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
इस पूरे सेवा कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने में योग्य एवं समर्पित चिकित्सकों की टीम का विशेष सहयोग रहा। शिविर में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. कबीर अहमद ने सेवाएं दीं।
आयोजकों ने बताया कि यह संपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता के मानद अध्यक्ष प्रहलाद रॉय गोयनका की प्रेरणा और कुशल मार्गदर्शन से ही सफलतापूर्वक संभव हो सका। सोसायटी का यह प्रयास ग्रामीण और जरूरतमंद तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
