कोलकाता, 30 जुलाई । सॉल्ट लेक के एई ब्लॉक स्थित एक मकान से गुरुवार सुबह पति-पत्नी के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान सजल कुमार कुंडू और उनकी पत्नी रंजना के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बुधवार को दंपत्ति का पुत्र अपनी पत्नी के साथ उल्टाडांगा स्थित ससुराल गया था। उसी रात लगभग दस बजे उसकी अपने माता-पिता से फोन पर बात हुई थी। गुरुवार सुबह जब उसने दोबारा फोन किया तो दोनों के मोबाइल बंद मिले। इसके बाद उसने पड़ोसी से संपर्क किया।
मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। पुत्र के पास मौजूद चाबी से दरवाजा खोला गया, जहां कमरे के भीतर दंपति के शव पड़े मिले।
प्रारंभिक जांच के दौरान कमरे से विष की एक बोतल बरामद हुई है। इसी आधार पर पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि दंपति ने विषपान कर आत्महत्या की हो सकती है। हालांकि, जांच अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने से पहले मृत्यु के कारण पर कोई अंतिम टिप्पणी करने से बच रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले की जांच जारी है।
