खूंटी , 30 जुलाई । जरियागढ़ थाना क्षेत्र के कटसेमला गांव में बुधवार को डोभा में डूबने से ग्रामीण तुरिया उरांव (45) की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, कटशेमला निवासी तुरिया उरांव बुधवार शाम घर से शौच के लिए डोभा की ओर गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद उनका शव गांव के ही एक डोभा में मिला।
घटना की सूचना गुरुवार को जरियागढ़ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया गया कि मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इनमें दो बच्चों की शादी हो चुकी है, जबकि दो अभी परिवार के साथ रहते हैं। परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा रहे तुरिया उरांव के निधन के बाद पत्नी के सामने परिवार के पालन-पोषण की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
घटना के बाद कटशेमला गांव में शोक का माहौल है।
