high

पूर्व मेदिनीपुर, 30 जुलाई  बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्नचाप क्षेत्र के प्रभाव से पूर्व मेदिनीपुर जिले के तटीय क्षेत्रों में लगातार वर्षा और समुद्र के उग्र होने के बाद प्रशासन ने दीघा, ताजपुर और मंदारमणि में हाई अलर्ट जारी किया है। गुरुवार सुबह से ही प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए समुद्र में उतरने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है तथा गहरे समुद्र में मछली पकड़ने गए सभी ट्रॉलरों को तत्काल तट पर लौटने का निर्देश दिया गया है।

बुधवार से ही समुद्र में ऊंची लहरें और तेज हवा का दौर जारी है। तेज लहरों के कारण समुद्र तट के किनारे बने सुरक्षा गार्डवाल के कुछ हिस्सों को भी क्षति पहुंची है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने समुद्र तटों पर लाल रस्सी से बैरिकेडिंग कर दी है। पुलिस और नुलिया कर्मी लगातार माइकिंग कर पर्यटकों से समुद्र से दूर रहने की अपील कर रहे हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा ने बताया कि समुद्र की वर्तमान स्थिति को देखते हुए पर्यटकों के समुद्र में उतरने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। साथ ही गहरे समुद्र में मौजूद सभी मछली पकड़ने वाले ट्रॉलरों को शीघ्र तट पर लौटने का निर्देश दिया गया है। समुद्री मत्स्य बंदरगाहों पर प्रशासन और पुलिस की ओर से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। लगातार वर्षा के कारण जिले के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनने लगी है।