ओंकार

मुठभेड़ में एक घायल, हथियार, कारतूस और मोबाइल बरामद

हजारीबाग, 30 जुलाई ।  झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने गुरुवार को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर प्रिंस खान से संचालित बताए जा रहे आपराधिक संगठन केएसएस (कोयलांचल शांति सेना) के पांच सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान सैयद मोहम्मद जीशान (पिता–सैयद मोहम्मद रिजवान, आजाद नगर, पेलावल) के रूप में हुई है। उसे पुलिस सुरक्षा में सदर अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल, मैगजीन में लोड एक जिंदा गोली तथा अन्य हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वे गैंगस्टर प्रिंस खान के निर्देश पर हजारीबाग जेल में बंद कुबेर उर्फ अमन कुमार सिंह, नितिश वत्स और सागर सिंह के संपर्क में रहकर बड़कागांव के कोयला खनन क्षेत्रों में लेवी वसूली के लिए आतंक का माहौल बनाने की साजिश रच रहे थे। इसके तहत ट्रांसपोर्ट मार्ग से गुजरने वाली हाइवा गाड़ियों पर फायरिंग करने की योजना बनाई गई थी।
पुलिस ने बताया कि संगठन के सदस्य मो. शमशाद उर्फ साहिल, वकास हैदर, रौशन मालाकार और अरुण कुमार सिंह हथियार, गोलियां और संगठन के लिए धन की व्यवस्था कर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। गिरोह के सदस्य कोयला क्षेत्रों में लेवी मांगने और जान से मारने की धमकी देने जैसी घटनाओं में भी शामिल रहे हैं।
गिरफ्तार अपराधियों में सैयद मोहम्मद जीशान (घायल), आजाद नगर, पेलावल, हजारीबाग, मो. शमशाद उर्फ साहिल, पेलावल, हजारीबाग, वकास हैदर, अल्फलाह कॉलोनी, लोहसिंघना, हजारीबाग,अरुण कुमार सिंह, चास, बोकारो रौशन मालाकार, चास, बोकारो शामिल है।
अपराधियों के पास से 01 देशी पिस्टल, 01 देशी कट्टा,03 जिंदा कारतूस, .303 बोर की 20 जिंदा गोलियां, 05 मोबाइल फोन, बरामद हुआ।
इस संबंध में बड़कागांव थाना कांड संख्या 134/26 दिनांक 30 जुलाई 2026 को दर्ज किया गया है। घायल आरोपी का इलाज जारी है, जबकि अन्य सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अरुण कुमार सिंह के खिलाफ धनबाद और बोकारो के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं घायल आरोपी सैयद मोहम्मद जीशान के खिलाफ वर्ष 2023 में लोहसिंघना थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बड़कागांव) अमित आनंद (भा.पु.से.) ने किया। छापेमारी दल में एसडीपीओ (सदर) रूपक कुमार, एसडीपीओ (विष्णुगढ़) फौजान अहमद, पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पाण्डेय, पगार ओपी प्रभारी दिनेश मंडल, लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, पेलावल ओपी प्रभारी बिट्टू रजक, कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक सहित तकनीकी शाखा, संगठित अपराध शाखा और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने कहा है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और पूरे आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।