युवक के साथ मारपीट

पूर्वी सिंहभूम, 30 जुलाई । बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कॉलोनी रोड नंबर-3 में कथित प्रेम संबंध को लेकर विवाद का मामला बुधवार को सामने आया है। एक घर से गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले युवक को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार के लिए भर्ती कराया। घायल युवक की पहचान आशीष कुमार के रूप में हुई है। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

घायल आशीष कुमार का कहना है कि बागबेड़ा की रहने वाली एक युवती के साथ पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से उसका प्रेम संबंध था। उसके अनुसार युवती के बुलावे पर वह जमशेदपुर आया था। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद युवती के परिजनों ने उसे कमरे में बंद कर दिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आशीष का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया, जिसमें बैंक लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड, चैट और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मौजूद थे।

वहीं, युवती के पिता ने इन आरोपों को खारिज करते हुए युवक पर उनकी बेटी के कमरे में जबरन घुसने और उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि युवक की हरकत का परिवार ने विरोध किया, जिसके बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।

घटना की जानकारी मिलने पर बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोप की गंभीरता से जांच की जा रही है।