Cng station gas natural.

Cng station gas natural.

कोलकाता, 30 जुलाई । सॉल्ट लेक के लोगों को जल्द ही रसोई गैस और सीएनजी दोनों मोर्चों पर बड़ी राहत मिलने वाली है। दुर्गापूजा से पहले सॉल्ट लेक का पहला 24 घंटे संचालित सीएनजी स्टेशन शुरू होने जा रहा है। इसके साथ ही अगले डेढ़ से दो वर्षों में सेक्टर-1, 2 और 3 के लगभग 26 हजार परिवारों तक पाइप के माध्यम से प्राकृतिक गैस (पीएनजी) पहुंचाने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है।

बंगाल गैस कंपनी लिमिटेड (बीजीसीएल) के अनुसार, इंदिरा भवन (वर्तमान नजरुल भवन) और सिंचाई भवन के बीच एफएफ ब्लॉक में सीएनजी स्टेशन का निर्माण अंतिम चरण में है। स्टेशन शुरू होने के बाद सॉल्ट लेक और आसपास के क्षेत्रों में चलने वाले सीएनजी ऑटो, टैक्सी, निजी वाहन और बस चालकों को ईंधन भरवाने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

फिलहाल 24 घंटे सीएनजी की सुविधा राजारहाट-न्यू टाउन, कसबा, गड़िया, सिंथी मोड़, कांकुड़गाछी और कल्याणी के स्टेशनों पर उपलब्ध है। नए स्टेशन के शुरू होने से इस क्षेत्र के वाहन चालकों को काफी सुविधा मिलेगी।

वहीं, सॉल्ट लेक में घरों तक पाइप से रसोई गैस पहुंचाने के लिए भी पाइपलाइन बिछाने का काम जारी है। योजना के तहत बिधाननगर नगर निगम के वार्ड संख्या 29 से 40, यानी सेक्टर-1, 2 और 3 के निवासियों को चरणबद्ध तरीके से पीएनजी कनेक्शन दिए जाएंगे। कंपनी का लक्ष्य अगले दो वर्षों में अधिकांश परिवारों को इस सुविधा से जोड़ना है।

बीजीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुपम मुखोपाध्याय ने बताया कि अगले डेढ़ से दो वर्षों में सॉल्ट लेक के प्रत्येक घर तक पीएनजी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा अगले पांच वर्षों में राजारहाट, बारासात, मध्यमग्राम और राजपुर-सोनारपुर क्षेत्र के लगभग पांच लाख घरों तक भी पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने की योजना है।

हालांकि परियोजना के सामने कुछ चुनौतियां भी हैं। एयरपोर्ट प्राधिकरण से अनुमति नहीं मिलने के कारण हवाई अड्डे के गेट नंबर-1 के पास लगभग तीन किलोमीटर क्षेत्र में अभी पाइपलाइन नहीं बिछाई जा सकी है। कंपनी का कहना है कि अनुमति मिलते ही मुख्य पाइपलाइन का कार्य पूरा कर गैस आपूर्ति को और सुचारु बनाया जाएगा।

बीजीसीएल के अनुसार, नदिया जिले के कल्याणी में पीएनजी सेवा पहले ही सफलतापूर्वक शुरू हो चुकी है, जहां सौ से अधिक परिवार नियमित रूप से पाइपलाइन से गैस का उपयोग कर रहे हैं। उसी अनुभव के आधार पर सॉल्ट लेक में भी इस परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।