लोगो

कोलकाता, 19 मार्च। साहित्य, संस्कृति और समाजोत्थान के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय समर्पण ट्रस्ट अपने स्थापना दिवस के अवसर पर “समर्पण सम्मान समारोह–2026 : उत्कृष्टता को समर्पित” का आयोजन कर रहा है। यह गरिमामयी समारोह 20 मार्च 2026 को प्रातः 11 बजे ताज बंगाल, कोलकाता में आयोजित होगा। उक्त कार्यक्रम का उद्घाटन ख्यतिलब्ध कथावाचक, श्रीमद् भागवत् मर्मज्ञ बालव्यास पंडित श्रीकांत शर्मा करेंगें।
इस अवसर पर समाज, उद्योग, शिक्षा, चिकित्सा तथा संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महानगर की विशिष्ट विभूतियों को “समर्पण समाज गौरव सम्मान” से अलंकृत किया जाएगा।

शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सुशील कुमार बिड़ला को ईश्वरचंद्र विद्यासागर समर्पण समाज गौरव,

चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सुरेंद्र कुमार अग्रवाल को डा. विधानचंद्र राय समर्पण समाज गौरव सम्मान,

समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हेतु विवेक रुइया को स्वामी विवेकानंद समर्पण समाज गौरव सम्मान,

समाज निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य़ के लिए श्याम सुंदर अग्रवाल को सत्यभामा सोती समर्पण समाज गौरव सम्मान तथा

उद्योग-व्यापार में नवाचार के लिए आदित्य पोद्दार को रतन टाटा समर्पण समाज गौरव सम्मान से सम्मानित किया जायेगा।

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान कर उनके प्रेरक कार्यों को समाज के समक्ष रेखांकित किया जाएगा।
समर्पण ट्रस्ट के सभापति दिनेश बजाज ने बताया कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज में सेवा, समर्पण और सकारात्मक मूल्यों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि समाज को दिशा देने वाले ऐसे व्यक्तित्वों का सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। ट्रस्ट के महासचिव प्रदीप ढेडिया ने बताया कि समाज के जिन विभूतियों ने समाज के सर्वांगीण विकास हेतु अनवरत कार्य किय है। ट्रस्ट उन्हें सम्मानित कर अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा है।
ट्रस्ट की ओर से महानगर के गणमान्य नागरिकों, साहित्यकारों, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों से समारोह में सहभागिता कर आयोजन की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया गया है।