ओंकार समाचार
रांची, 21अगस्त। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी ने रांची में जनसेवा के उद्देश्य से एक अस्पताल बनाने का निर्णय लिया है। इसको लेकर संस्था की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें अस्पताल निर्माण की योजना, आगे की कार्ययोजना और इसके क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संस्था के अध्यक्ष गोविंद अग्रवाल, सचिव प्रह्लाद राय गोयनका समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में सचिव प्रह्लाद राय गोयनका ने झारखंड में सामाजिक कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य सामाजिक कार्यों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। इस दौरान योजनाओं के प्रबंधन, उनके सफल क्रियान्वयन और संचालन की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई।
अस्पताल निर्माण के प्रस्ताव पर सदस्यों ने बारी-बारी से अपने विचार रखे। चर्चा के दौरान निर्माण की प्रक्रिया में आने वाली संभावित चुनौतियों और उनसे निपटने के लिए जरूरी तैयारियों पर भी मंथन किया गया। साथ ही अस्पताल की योजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक पहल और कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हुआ।
संस्था के अध्यक्ष गोविंद अग्रवाल ने कहा कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अपने शुरुआती दौर से ही जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी समाज के विभिन्न वर्गों तक राहत और सेवा पहुंचाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
बैठक में अस्पताल निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया और आवश्यक कदमों को लेकर सदस्यों के बीच चर्चा हुई।
