
हजारीबाग, 21 अगस्त । उपायुक्त हेमन्त सती ने जिले के सभी राशन कार्डधारियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) केंद्र से निर्धारित खाद्यान्न का उठाव निःशुल्क करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र राशन कार्डधारियों को जनवितरण प्रणाली के माध्यम से चावल, गेहूं, नमक एवं चना दाल का वितरण निःशुल्क वितरण किया जाता है।
उपायुक्त शुक्रवार को समाहरणालय में बैठक के दौरान बोल रहे थे। उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी जनवितरण प्रणाली विक्रेता (डीलर) द्वारा राशन वितरण के एवज में लाभुकों से किसी प्रकार की राशि की मांग की जाती है, तो इसकी शिकायत जिला नियंत्रण कक्ष में कॉल कर दर्ज कराई जा सकती है।
प्राप्त शिकायतों की जांच कर संबंधित डीलर के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी राशन कार्डधारियों से अपील करते हुए कहा कि वे राशन लेने के लिए किसी भी प्रकार की अनधिकृत राशि का भुगतान न करें तथा यदि कोई डीलर पैसे की मांग करता है तो तत्काल इसकी शिकायत जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष नंबर:- 8002529349 में दर्ज कराएं।
इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी मुरली यादव ने बताया कि सोना सोबरन योजना के तहत धोती-साड़ी का वितरण सरकार की ओर से निर्धारित 10 की दर पर किया जाता है। इसके अतिरिक्त राशन के रूप में वितरित किए जाने वाले चावल, गेहूं, नमक एवं चना दाल के लिए लाभुकों से कोई राशि देय नहीं है।


















