कोलकाता, 05 अगस्त । पश्चिम बंगाल सरकार ने निजी ब्लड बैंक ‘हेल्थ प्वाइंट’ का लाइसेंस रद्द कर दिया है। ब्लड बैंक पर आम लोगों के रक्त और प्लाज़्मा को भारी रकम लेकर बाहर बेचने का आरोप है। आरोप सामने आने के बाद राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की।
सूत्रों के अनुसार, चार जनवरी को बारुईपुर में इस संस्था ने एक रक्तदान शिविर आयोजित किया था, जिसमें करीब छ: सौ लोगों ने रक्तदान किया। लेकिन रक्तदाता कार्ड केवल दो सौ लोगों को दिए गए, जबकि चार सौ लोग रक्तदाता कार्ड से वंचित रह गए। आरोप है कि इन चार सौ लोगों के रक्त को रिकॉर्ड में दर्ज किए बिना बाहर करोड़ों रुपये में बेच दिया गया। इसके कारण रक्तदान करने वाले कई लोग बाद में कार्ड दिखाकर आवश्यकता पड़ने पर रक्त प्राप्त नहीं कर सके।
रक्त तस्करी के आरोप सामने आने के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने कड़ी कार्रवाई की घोषणा की। सरकार ने ‘हेल्थ प्वाइंट’ ब्लड बैंक का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया। बताया जा रहा है कि राज्य में पहली बार किसी निजी ब्लड बैंक का लाइसेंस इस तरह रद्द किया गया है।
आरोप यह भी है कि रक्तदान शिविरों में उपहार का लालच देकर कुछ लोगों से निर्धारित मात्रा से अधिक, लगभग पांच सौ मिलीलीटर अतिरिक्त रक्त लिया गया। बाद में इस रक्त और प्लाज़्मा को कथित रूप से बाहर बेच दिया गया। आरोपों के अनुसार, इसी तरीके से संस्था करोड़ों रुपये के रक्त और प्लाज़्मा का अवैध कारोबार कर रही थी।
