krishna

नदिया, 22 नवंबर । नदिया जिले के कृष्णानगर के षष्ठीतला इलाके में एक महिला बीएलओ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृत महिला की पहचान 53 वर्षीय रिंकू तरफ़दार के रूप में हुई है, जो पेशे से पार्श्वशिक्षिका थीं और हाल ही में उन्हें बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बुधवार देर रात उनका शव घर के कमरे में फंदे से लटकता मिला।

परिवार का कहना है कि रिंकू देवी कंप्यूटर पर काम करने में उतनी सक्षम नहीं थीं। हाल के दिनों में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के तहत लगातार बढ़ते निर्देश, समय-सीमा का दबाव और अधिकारियों के फोन पर लगातार काम की मांग ने उनका मानसिक संतुलन बिगाड़ दिया था।

परिजनों के अनुसार, वह कई दिनों से तनाव में थीं, ठीक से सो नहीं पा रही थीं और अत्यधिक चिंता के कारण सामान्य जीवन भी प्रभावित हो गया था।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें महिला ने प्रशासनिक दबाव की बात लिखी है।

पड़ोसियों का कहना है कि एसआईआर प्रक्रिया लागू होने के बाद से ब्लॉक स्तर के कर्मचारियों पर बहुत ही असामान्य बोझ पड़ा है।

बीएलओ को घर-घर जाकर विशाल मात्रा में डेटा इकट्ठा करना, डिजिटल फॉर्म भरना, सत्यापन करना और सीमित समय में रिपोर्ट जमा करनी होती है।

बहरहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।