नाबार्ड ने प्रक्रिया तेज की
रांची, 21 नवम्बर। झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक उत्पादों को देश–विदेश के बाजार में पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नाबार्ड झारखंड ने इस वर्ष नौ विशिष्ट उत्पादों के लिए जीआई (भौगोलिक संकेतक) टैगिंग आवेदन की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। अब तक झारखंड के हिस्से केवल सोहराई पेंटिंग का ही मान्यता प्राप्त जीआई टैग है।
नाबार्ड झारखंड की मुख्य महाप्रबंधक दीपमाला घोष के अनुसार जीआई टैग के लिए प्रस्तावित नौ उत्पाद राज्य की सांस्कृतिक जड़ों और अनोखी कारीगरी के प्रतीक हैं। देवघर का अट्ठे मटन – शुद्ध घी में पारंपरिक शैली से पकाया जाने वाला खास व्यंजन है, जिसका स्वाद और सुगंध इसे अलग पहचान देते हैं। सरायकेला-खरसावां की खास हल्दी अपनी उच्च करक्यूमिन मात्रा, चमकदार पीले रंग और विशिष्ट खुशबू के कारण प्रसिद्ध है। सिमडेगा का बीरू गमछा स्थानीय बुनकरों की कला का पारंपरिक प्रतीक है । कुचाई का टसर सिल्क – टसर आधारित बेहतरीन साड़ियां और वस्त्र, जिनकी गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सराही जाती है। गोड्डा की प्रीमियम तसर सिल्क साड़ियां हस्तचालित करघों पर बुनी उच्च गुणवत्ता वाली तसर साड़ियां। सिमडेगा की मीठी इमली प्राकृतिक मिठास और खट्टेपन का अनोखा संतुलन है। रांची की आदिवासी ज्वेलरी अपने परंपरागत डिजाइन और बारीक कारीगरी का अद्भुत संगम होती है। झारखंड के बांस उत्पाद – घरेलू उपयोग से लेकर सजावटी वस्तुओं तक, कुशल कारीगरों द्वारा निर्मित विविध सामान। खूंटी की करणी शॉल स्थानीय महिलाओं द्वारा हाथ से बुनी गर्म और आकर्षक शॉल सर्दियों का प्रमुख आकर्षण है।
जीआई टैग मिलने से इन उत्पादों को कानूनी सुरक्षा मिलेगी, नकल और बाजार में प्रतिरूपण पर रोक लगेगी। राज्य के पारंपरिक उत्पादों की ब्रांड वैल्यू और पहचान बढ़ेगी। कारीगरों, किसानों और स्थानीय उद्यमियों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आजीविका को सीधा लाभ मिलेगा।
नाबार्ड ने इन सभी उत्पादों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज केंद्रीय जीआई पंजीकरण प्राधिकरण को भेज दिए हैं। अब इन पर अंतिम मंजूरी का इंतजार है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही झारखंड के इन उत्पादों को भी जीआई टैग मिल जाएगा, जिससे राज्य की पारंपरिक पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी।
यह प्रयास झारखंड को न केवल संस्कृति और परंपरा के मानचित्र पर मजबूत करेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति देगा।
