ओंकार समाचार
कोलकाता, 30 अगस्त।मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी की ओर से रविवार को दो स्थानों पर नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। एक शिविर बेलियाघाटा में रोटरी क्लब ऑफ साल्ट लेक के सहयोग से तथा दूसरा शिविर मंदिर बाजार में भारत सेवा संघ एवं मंदिर बाजार प्रणवानंद विद्यामंदिर के सहयोग से आयोजित किया गया।
दोनों शिविरों में लगभग 530 मरीजों की जांच की गई। इन शिविरों में मरीजों के सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ साथ ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर ईसीजी आदि जांचें निशुल्क की गई। मरीजों को दवाइयां नि:शुल्क वितरित की गईं।
नेत्र परीक्षण के दौरान 170 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जिन्हें चश्मे निशुल्क प्रदान किए गए। 36 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित मिले। मोतियाबिंद से पीडि़त मरीजों के ऑपरेशन आगामी दिनों में मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल, कोलकाता में नि:शुल्क किए जाएंगे।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. मलय दास, डॉ.शंकर मंडल, डॉ.सुकांतो राय एवं डॉ. शैलेश साहू का योगदान सराहनीय रहा।
अजय दिवाकर ने बताया कि जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सोसायटी की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे निशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर पूरे साल आयोजित किए जाते हैं।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से परामर्श मात्र 120 रुपए में लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
