ओंकार

गिरिडीह, 30 अगस्त । झारखंड में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लाखों राशन कार्डधारकों को हर माह सरकारी अनाज वितरित करने वाले करीब 25 हजार पीडीएस डीलर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक सितंबर को राज्यभर के जिला मुख्यालयों पर धरना देंगे। इनमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भी शामिल हैं।

ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश प्रसाद और महासचिव संजय कुंडू ने रविवार को संयुक्त रूप से यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक सितंबर को आयोजित राज्यव्यापी धरना कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के प्रखंडों से बड़ी संख्या में पीडीएस संचालक शामिल होंगे।

संगठन के नेताओं ने कहा कि पीडीएस संचालक विभिन्न समस्याओं के बावजूद हर माह लाखों कार्डधारक परिवारों के बीच समय पर अनाज का वितरण करते हैं। इसके एवज में सरकार द्वारा निर्धारित कमीशन का भुगतान भी नियमित रूप से नहीं होने के कारण डीलरों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने दावा किया कि करीब एक वर्ष से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत मिलने वाला कमीशन लंबित है, जबकि लगभग दो वर्षों से ग्रीन कार्ड का कमीशन भी बाधित है। इसके अलावा नमक और चना दाल मद में भी अब तक कमीशन का भुगतान नहीं किया गया है।

फेडरेशन के नेताओं ने कहा कि यदि 30 सितंबर तक लंबित कमीशन का भुगतान नहीं किया गया तो राज्य भवन के समक्ष धरना दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि एक सितंबर के धरने के दौरान मुख्यमंत्री को सौंपे जाने वाले ज्ञापन में कमीशन की राशि का नियमित भुगतान, पेपरलेस व्यवस्था लागू करने और ई-पॉश मशीन में सर्वर की समस्या का स्थायी समाधान करने समेत अन्य मांगें शामिल होंगी।