____ __ ___ __ ___

पलामू, 06 अगस्त । पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लकड़ही टोले में बुधवार की देर रात चाचा प्रभु रजवार ने अपने सगे भतीजे चनका रजवार (पिता- नंदु रजवार) की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही उंटारी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मेदिनीनगर भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि मृतक के घर के बाहर सड़क पर खून के धब्बे देर रात हुई वारदात की भयावहता बयां कर रहे हैं। जिले के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने गुरुवार सुबह 10 बजे घटना की पुष्टि की।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना को अंधविश्वास से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

बताया जाता है कि आरोपित प्रभु रजवार की बेटी लंबे समय से बीमार रहती थी। इसी को लेकर उसे संदेह था कि उसके सगे भतीजे की पत्नी डायन है और जादू-टोना करती है। इसी कारण उसकी बेटी बीमार रहती है। इसी शक में प्रभु रजवार टांगी लेकर पहुंचा और हमला कर दिया। हमले में चनका रजवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मृतक की पत्नी ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।

उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित प्रभु रजवार को गिरफ्तार कर लिया है।