पलामू, 06 अगस्त । पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर और सदर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती बजराहा में गुरुवार सुबह पुलिस एवं एक अपराधी में मुठभेड़ हो गई। इस क्रम में उस अपराधी के पैर में गोली लग गई, जबकि पुलिस कर्मी बाल बाल बच गए। जख्मी अपराधी को इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के भट्टी मोहल्ला निवासी सुमित चंद्रवंशी के रूप में हुई है। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है।
उल्लेखनीय है कि 29 जुलाई की रात करीब 9 बजे मेदिनीनगर शहरी क्षेत्र के शिवाला घाट स्थित कोयल रिवर फ्रंट पर ताबड़तोड़ गोली चली थी, जिसमें तीन युवकों को गोली लगी थी। घटना के बाद पुलिस अनुसंधान में एक आरोपित सुमित चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया गया था और उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम हथियार बरामद करने के लिए बजराहा इलाके में गई थी।
पुलिस के अनुसार हथियार खोजने के क्रम में सुमित ने एक पुलिसकर्मी की कमर से पिस्टल निकाल लिया और फायरिंग कर भागने लगा। उसने दो राउंड गोली चलाई। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई जिसमें एक गोली सुमित के पैर में लगी और उसे जख्मी हालत में मौके से पकड़ा गया व इलाज के लिए अस्पताल लाया गया।
घटनास्थल से दो खोखा भी पुलिस ने बरामद किया है। जिले के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि की। घटना की जानकारी मिलने पर आरोपित के परिजन एमएमसीएच पहुंचे। कैदी वार्ड में सुमित से मिलने की कोशिश की लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें मिलने नहीं दिया। इससे नाराज होकर उन्होंने पुलिस के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया और घर से उठाकर फर्जी तरीके से गोलीमार देने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि सुमित किसी अपराधी गिरोह से संबंध नहीं रखता और ना ही उसका 29 जुलाई के गोलीकांड से कोई मतलब है। उसे फंसाकर आरोपित बना दिया गया है।
