पश्चिमी सिंहभूम, 07 सितंबर । कैबिनेट मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 08 सितंबर को प्रस्तावित गुवा शहीद दिवस कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री अब गुवा पहुंचकर शहीद स्थल पर गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वहीं, गुवा मैदान में प्रस्तावित श्रद्धांजलि सभा, परिसंपत्ति वितरण समेत अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को जारी संयुक्त आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 08 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे रांची स्थित स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर के जरिए गुवा के लिए रवाना होंगे। उनका हेलीकॉप्टर करीब 1 बजे गुवा सेल हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से गुवा बाजार स्थित शहीद स्थल के लिए रवाना होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री करीब 1:10 बजे शहीद स्थल पहुंचेंगे और गुवा गोलीकांड में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री करीब 1:20 बजे शहीद स्थल से रवाना होंगे और 1:25 बजे बिरसा चौक पहुंचकर माल्यार्पण करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से गुवा सेल हेलीपैड पहुंचेंगे। करीब 1:35 बजे हेलीपैड पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 1:40 बजे हेलीकॉप्टर से रांची के लिए रवाना हो जाएंगे।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के मद्देनजर इस बार मुख्यमंत्री का गुवा दौरा बड़े सार्वजनिक आयोजन के बजाय संक्षिप्त श्रद्धांजलि कार्यक्रम तक सीमित रहेगा। गुवा मैदान में आयोजित होने वाली श्रद्धांजलि सभा और परिसंपत्ति वितरण सहित अन्य कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। गुवा सेल हेलीपैड से शहीद स्थल और बिरसा चौक तक पूरे मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
