कोलकाता, 23 सितंबर । नैहाटी के तृणमूल कांग्रेस नेता विष्णु अधिकारी को पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। बुधवार तड़के नैहाटी थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ वसूली और हथियार अधिनियम सहित कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विष्णु अधिकारी को इंदौर से नैहाटी लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। करीब डेढ़ महीने पहले उसके खिलाफ वसूली, धमकी देकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश और हत्या के प्रयास के आरोप सामने आए थे। विस्तृत जांच के दौरान उसके खिलाफ और भी शिकायतें सामने आ सकती हैं। जांच के दौरान विष्णु के मध्य प्रदेश के इंदौर में होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद नैहाटी थाना पुलिस ने वहां अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार किया।
स्थानीय राजनीतिक हलकों में विष्णु अधिकारी को तृणमूल कांग्रेस नेता और सांसद पार्थ भौमिक का करीबी बताया जाता है। नैहाटी की राजनीति में वह तृणमूल के युवा संगठन के नेता के रूप में भी सक्रिय रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर नैहाटी लाने की तैयारी की जा रही है। नैहाटी पहुंचने के बाद पुलिस उसे अदालत में पेश करेगी।
