पूर्वी सिंहभूम, 18 अक्टूबर ।
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत डोमजुड़ी पंचायत के नयाग्राम में जर्जर सड़क की समस्या का समाधान होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। नयाग्राम चौक से गांव तक जाने वाली सड़क बारिश और पाइपलाइन बिछाने के काम के कारण काफी खराब हो गई थी। इससे ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में परेशानी हो रही थी। त्योहारों के दौरान लोगों की मुश्किलें और बढ़ने की आशंका थी।
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने रविवार को मामले में पहल की। ग्रामीणों के आग्रह पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन से दूरभाष पर बातचीत कर समस्या की जानकारी दी। उन्होंने त्योहारों के मद्देनजर नई सड़क का निर्माण होने तक तत्काल मरम्मत कराकर रास्ते को आवागमन योग्य बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कुणाल षाड़ंगी की पहल और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से महज तीन दिनों के भीतर सड़क पर स्लैग फिलिंग का काम पूरा करा दिया गया। इससे जर्जर रास्ते से गुजरने वाले ग्रामीणों को काफी राहत मिली है। सड़क की स्थिति सुधरने से स्थानीय लोगों के लिए आवागमन पहले की तुलना में आसान हो गया है।
ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए त्वरित पहल करने और उनकी परेशानियों को गंभीरता से लेने के लिए कुणाल षाड़ंगी के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण उन्हें लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। समय रहते मरम्मत का काम पूरा होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
