दार्जिलिंग, 23 सितंबर। गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (गोजमुमो) के सुप्रीमो बिमल गुरुंग के निमंत्रण पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सात अक्टूबर को दार्जिलिंग जाएंगे। वह मोर्चा के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। जलपाईगुड़ी के चालसा में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान बिमल गुरुंग और रोशन गिरी ने उन्हें कार्यक्रम का औपचारिक निमंत्रण सौंपा है। बुधवार को एक कार्यक्रम के दौरान बिमल गुरुंग ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मोर्चा के स्थापना दिवस समारोह में शामिल आने की सहमति पहले ही दे दी थी। फिर भी मंगलवार को उन्हें औपचारिक रूप से निमंत्रण पत्र सौंपा गया है।
जबकि मुख्यमंत्री ने मदारीहाट के हॉलोंग गेट पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गोरखा जनमुक्ति मोर्चा उनका राजनीतिक सहयोगी है, इसलिए वह सात अक्टूबर को दार्जिलिंग जाकर स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के भी जाने की बात कही गई है।
गोरखा जनमुक्ति मोर्चा की स्थापना सात अक्टूबर 2007 को बिमल गुरुंग के नेतृत्व में हुई थी। इस वर्ष पार्टी अपना स्थापना दिवस दार्जिलिंग के सेंट जोसेफ स्कूल (नॉर्थ प्वाइंट) के मैदान में आयोजित करने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री ने पहाड़ के विकास को लेकर कहा कि पिछली सरकार ने पहाड़ के विकास के लिए छह करोड़ रुपये दिए थे, जबकि उनकी सरकार ने पांच महीनों में 313 करोड़ रुपये दिए हैं। वहीं, उन्होंने सात अक्टूबर को कालिम्पोंग जाने की भी बात कही है। ऐसे में मुख्यमंत्री के एक ही दिन दार्जिलिंग और कालिम्पोंग में कई कार्यक्रमों में शामिल होने की संभावना है।
