-एनडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद बरामद किया शव-पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया
रांची, 18 अक्टूबर । राजधानी रांची के धुर्वा डैम में डूबने से 25 वर्षीय युवती रानी कुमारी की मौत हो गई। रविवार सुबह युवती के डैम में डूबने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद डीप डाइवर्स की टीम ने रविवार दोपहर बाद शव को पानी से बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, मृतका धुर्वा के जगन्नाथपुर खटाल की निवासी थी। फिलहाल, युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हादसे और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक युवती धुर्वा डैम में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद डैम में तलाशी अभियान शुरू किया गया। गहरे पानी में युवती की तलाश के लिए एनडीआरएफ के डीप डाइवर्स ने अभियान चलाया। लगातार प्रयास के बाद दोपहर बाद युवती का शव बरामद किया गया।
नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि युवती की मौत दुर्घटना में हुई या उसने आत्महत्या की, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एनडीआरएफ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गहरे पानी में डूबी रानी कुमारी का शव काफी मशक्कत के बाद बरामद किया गया। डीप डाइवर्स की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए रविवार दोपहर बाद शव को पानी से बाहर निकाला।
फिलहाल नगड़ी थाना की पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती डैम तक किन परिस्थितियों में पहुंची और उसकी मौत कैसे हुई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
