qw

नई दिल्ली, 31 अगस्त । दिल्ली सरकार ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) बसों में महिलाओं के लिए मुफ़्त यात्रा की सुविधा देने वाले मौजूदा पेपर-बेस्ड ‘पिंक टिकट’ को 17 सितंबर तक बढ़ा दिया है। यह फैसला ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ आधारित सिस्टम में आसानी से बदलाव सुनिश्चित करने और आगामी त्योहारों के दौरान महिला यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी से बचाने के मकसद से लिए लिया गया है।

परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि पिंक टिकट की व्यवस्था 17 सितंबर तक जारी रहेगी, जिससे महिलाएं इस दौरान पिंक टिकट मुफ्त बस यात्रा सुविधा का लाभ उठाती रहेंगी। इसके बाद मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ उठाने के लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ सिस्टम पूरी तरह से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह विस्तार ऐसे समय में किया गया है, जब जन्माष्टमी, तीज, गणेश चतुर्थी समेत कई महत्वपूर्ण त्योहारों का आयोजन हो रहा है। इन धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक मौकों पर महिलाएं और परिवार ज़्यादा यात्रा करते हैं। इस दौरान ‘पिंक टिकट’ सुविधा जारी रहने से पात्र महिला यात्रियों को बिना किसी रुकावट के मुफ़्त बस यात्रा की सुविधा मिलती रहेगी।

मंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन भी है और इसी दिन से 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक मनाए जाने वाले ‘सेवा पखवाड़ा’ की शुरुआत होती है। ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ पहल को मिले रिस्पॉन्स पर खुशी जाहिर करते हुए परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली की माताओं और बहनों ने रजिस्ट्रेशन प्रोसेस में पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया है। उन्होंने कहा कि अब तक लगभग 19 लाख महिलाओं ने पहले ही पिंक कार्ड के लिए रजिस्टर कर लिया है।

संशोधित समय-सीमा के बाद रजिस्ट्रेशन के बारे में स्थिति स्पष्ट करते हुए डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनाने और जारी करने की प्रक्रिया 17 सितंबर के बाद भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर के बाद भी कार्ड रजिस्ट्रेशन और कार्ड जारी करने की प्रक्रिया बंद नहीं होगी। महिलाएं बस डिपो और बस टर्मिनल सेंटर्स पर मौजूद तय स्थानों से अपने ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ बनवा सकेंगी।