मेदिनीपुर, 18 मई । राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े शिक्षक संगठन ‘अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ’ ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले में सदस्यता अभियान तेज कर दिया है। संगठन ने जिले में 10 हजार शिक्षकों को सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है और इस दिशा में काम शुरू कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, चार मई के बाद महज 12 दिनों में करीब तीन शिक्षकों ने संगठन में शामिल होने के लिए आवेदन पत्र प्राप्त किए हैं। इससे पहले जिले में इस संगठन से लगभग डेढ़ सौ शिक्षक ही जुड़े हुए थे।
संगठन के पश्चिम मेदिनीपुर जिलाध्यक्ष देवांजन होड़ ने कहा कि पहले तृणमूल सरकार के समय संगठनात्मक काम करने में कई बाधाएं थीं। अब शिक्षक स्वयं आगे आकर संगठन से जुड़ने के लिए आवेदन पत्र ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में 10 हजार शिक्षक-शिक्षिकाओं को सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
हाल ही में संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक कर्नाटक में आयोजित हुई, जिसमें राज्य के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। राज्य समिति के सदस्य विश्वनाथ दास ने बताया कि बैठक में महिला शक्ति पर विशेष जोर देने का निर्णय लिया गया है। इसलिए संगठन में शिक्षिकाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस संगठन का उद्देश्य शिक्षा क्षेत्र को राजनीति से मुक्त करना, अनुशासन और बेहतर पढ़ाई का वातावरण तैयार करना तथा छात्र-शिक्षक के बीच गुरु-शिष्य जैसा सम्मानजनक संबंध बनाना है।
