बीकानेर/श्रीडूंगरगढ़ , 13 सितंबर। श्रीगंगानगर में आयोजित सीबीएसई नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप 2025 में श्रीडूंगरगढ़ के सेसोमूं स्कूल ने अपने शानदार खेल प्रदर्शन से विद्यालय और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया।
अंडर-19 छात्र वर्ग के फाइनल में नोजगे पब्लिक स्कूल, श्रीगंगानगर और सेसोमूं स्कूल, श्रीडूंगरगढ़ के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इस रोमांचक मैच में नोजगे पब्लिक स्कूल ने खिताब जीता, जबकि सेसोमूं स्कूल उपविजेता रहा।
विद्यालय के चेयरमैन जगदीश प्रसाद मूंधड़ा और वाइस चेयरपर्सन पद्मा मूंधड़ा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर उपविजेता बनना किसी बड़ी जीत से कम नहीं है और यह उपलब्धि भविष्य की और भी ऊँचाइयों का संकेत है।
प्राचार्य सुब्रत कुंडू ने कहा कि खिलाड़ियों ने मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
इस चैंपियनशिप में विद्यालय के छात्र हार्दिक सिघी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बेस्ट गोलकीपर का खिताब जीतकर सेसोमूं स्कूल का गौरव और बढ़ाया।
विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
