हजारीबाग, 13 सितंबर। बड़कागांव प्रखंड के पूर्वी क्षेत्र की मुख्य सड़क की स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है। हरली से लेकर बादम तक लगभग आठ से दस फीट चौड़ी यह सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। फ्लैंक भी टूटकर गायब हो गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहनों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक बन गया है।
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। वहीं, सड़क के दोनों ओर स्थित प्लस टू हाई स्कूल सहित कई विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले हजारों छात्र-छात्राएं रोजाना पैदल और साइकिल से इसी मार्ग से आते-जाते हैं। संकरी सड़क पर बस और भारी वाहनों के गुजरने के दौरान बच्चों को गड्ढों व कीचड़ से होकर निकलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। आए दिन छोटी-मोटी घटनाएं भी होती रहती हैं।
समाजसेवी विवेक रावत ने कहा कि यह आम ग्रामीण जनता की गंभीर समस्या है। उन्होंने विधायक और सांसद से मांग की है कि शीघ्र संज्ञान लेकर सड़क का चौड़ीकरण एवं फ्लैंक निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।
