दक्षिण दिनाजपुर, 18 फरवरी । जिले के गंगारामपुर में आबकारी विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध गुड़ जब्त किया है। गंगारामपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर-9 स्थित बोड़डांगी इलाके में रॉनी सरकार नामक एक व्यवसायी के गोदाम से लगभग 28 हजार मीट्रिक टन गुड़ बरामद किया गया है।
आबकारी विभाग के सूत्रों के अनुसार, अतिरिक्त चीनी या मोलासिस युक्त गुड़ को बिना लाइसेंस पांच हजार मीट्रिक टन से अधिक मात्रा में भंडारण करना कानूनन दंडनीय अपराध है। इस प्रकार का गुड़ अवैध देशी शराब और अन्य नशीले पेय पदार्थ बनाने में कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।
सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई अचानक नहीं की गई। गुप्त सूचना के आधार पर कुछ दिन पहले गोदाम पर पहली बार छापेमारी कर नमूने लिए गए थे। प्रयोगशाला जांच में नमूनों में अत्यधिक चीनी और मोलासिस की पुष्टि हुई। इसके बाद बुधवार दोपहर अधिकारियों ने दोबारा छापा मारकर पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया।
अधिकारियों का कहना है कि बाजार में इस तरह के गुड़ की मांग अधिक होती है और इससे मुनाफा भी ज्यादा होता है। बिना लाइसेंस इतना बड़ा भंडारण पूरी तरह गैरकानूनी है। आरोपित व्यवसायी रॉनी सरकार के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
