खूंटी , 07 अगस्त । मुरहू थाना क्षेत्र में रांची-चाईबासा राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर शुक्रवार दोपहर हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना मुरहू पेट्रोल पंप के समीप करीब दो बजे हुई। मृतक की पहचान प्रीतम अहीर के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक यात्री बस मुरहू से रांची की ओर जा रही थी। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही बाइक और बस के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार प्रीतम अहीर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही मुरहू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल खूंटी सदर अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
परिजनों ने बताया कि प्रीतम अपने परिवार के सदस्यों को बाइक से मुरहू छोड़ने आए थे। घर लौटने के दौरान वह इस हादसे का शिकार हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। युवक की असामयिक मौत से बलंगा बाड़ीडीह गांव में शोक का माहौल है।
कुदा पंचायत के मुखिया अमर मुंडू ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से आश्रितों को उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
इधर, इस दुर्घटना के बाद एक बार फिर एनएच-20 पर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी संकेतक, गति नियंत्रण के उपाय और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं मजबूत करने की मांग की है।
