ओंकार द ओनली ट्रुथ

कोलकाता, 7 अगस्त। मीडिया समूह ओंकार द ओनली ट्रुथ की ओर से शनिवार, 8 अगस्त को साल्टलेक स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया  में ‘पावरिंग बंगाल 2026–कॉन्क्लेव एंड बिजनेस एक्सीलेंस अवॉर्ड्स’ समारोह का आयोजन किया जा रहा है।

बंगाल में उद्यमिता, नवाचार, प्रौद्योगिकी, विनिर्माण और समावेशी आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों, उद्यमियों, नवोन्मेषकों, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।

कॉन्क्लेव में बंगाल की उद्यमशीलता क्षमता, नवाचार और औद्योगिक उत्कृष्टता को मंच प्रदान कर आर्थिक विकास के लिए नए विचारों और सहयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।

पश्चिम बंगाल सरकार के उद्योग, वाणिज्य एवं उद्यम विभाग के प्रभारी मंत्री तपस राय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।

कार्यक्रम में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग एवं बागवानी मंत्री, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. कल्याण चक्रवर्ती, परिवहन एवं श्रम मंत्री अर्जुन सिंह, शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों की मंत्री  अग्निमित्रा पॉल तथा युवा सेवा एवं खेल तथा उपभोक्ता मामलों की मंत्री इंद्राणी खान  विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

इसके अलावा राज्य मंत्री ममता बिस्वास मिश्रा (उद्योग, वाणिज्य एवं उद्यम विभाग) और राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती (सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों तथा पर्यटन विभाग) भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगी।

कार्यक्रम के दौरान ‘पावरिंग बंगाल अवॉर्ड्स’ और लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड्स प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही विचार नेतृत्व पर पैनल चर्चा, उद्घाटन सत्र और नेटवर्किंग लंच का भी आयोजन होगा।

ओंकार द ओनली ट्रुथ के प्रमुख प्रह्लाद रॉय गोयनका ने बताया कि यह कॉन्क्लेव उद्योग और सरकार के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ नवाचार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और बंगाल को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।