onkar

हुगली, 18 फ़रवरी । हिंदमोटर और कोन्नगर रेलवे स्टेशनों के बीच बुधवार को रेलवे ट्रैक के किनारे स्थित झाड़ियों में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।

आग लगने की वजह से एहतियातन कुछ समय के लिए ट्रेन परिचालन प्रभावित हुआ। इस दौरान करीब 10 मिनट तक ट्रेनों की आवाजाही में देरी हुई। हालांकि, स्थिति सामान्य होने के बाद रेल सेवाएं फिर से सुचारू कर दी गईं। घटना के समय बेलूर जीआरपीएस (रेलवे पुलिस) के अधिकारी और बल मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।

रेलवे और प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, आग से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले की जांच की जा रही है।