हिमांशु सिंह हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर, 8 जुलाई । जमशेदपुर के करनी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। 27 जून की रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर हुई हत्या के मामले में पुलिस बुधवार को बार मालिक सह भाजपा नेता नीरज सिंह को लेकर शहर पहुंची। उनके साथ दो अन्य आरोपियों सुदर्शन मंडल उर्फ लल्टू और राजेश मंडल को भी गिरफ्तार किया गया है।

सीनियर एसपी ने बताया कि सुदर्शन मंडल और राजेश मंडल को ओडिशा के रायरंगपुर से गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि पुलिस ने नीरज सिंह को मीडिया के सामने पेश नहीं किया।

इस बहुचर्चित हत्याकांड में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, मामले के मुख्य आरोपी विश्वजीत मंडल उर्फ बोदरा ने बुधवार को जमशेदपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अब उसके रिमांड की तैयारी में जुटी है ताकि हत्या की साजिश, वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जा सके।

गौरतलब है कि 27 जून की रात डीडी बार के बाहर करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई थी। पुलिस लगातार छापेमारी कर आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। इस मामले में अभी भी कुछ अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।