ger

कोलकाता, 08 जुलाई ।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच एक्स पर बीरभूम की महिला बुनकरों की अनूठी उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें स्वदेशी शिल्पकला और आत्मनिर्भर भारत की सशक्त पहचान बताया है।

मुख्यमंत्री अधिकारी ने अपने पोस्ट में बताया कि “बीरभूम खादी दल” ने शुद्ध खादी से 30 फीट लंबा और 20 फीट चौड़ा विशाल राष्ट्रीय ध्वज तैयार किया है। इस भव्य तिरंगे को तैयार करने में 20 महिला बुनकरों ने लगातार एक महीने तक मेहनत की। यह विशाल तिरंगा उनकी मेहनत, कौशल और स्वदेशी शिल्प परंपरा का उत्कृष्ट उदाहरण है।

मुख्यमंत्री अधिकारी ने बताया कि इस खादी से बने राष्ट्रीय ध्वज को दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (डीवीसी) को सौंपा गया, जिसे मैथन डैम पर डीवीसी के स्थापना दिवस के अवसर पर फहराया गया। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा वहां आने वाले लोगों के लिए प्रेरणा का प्रतीक बनेगा।

शुभेंदु अधिकारी ने महिला बुनकरों की लगन और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को नई मजबूती प्रदान करता है।

उन्होंने राज्य के सभी जिलाधिकारियों (डीएम), उप-मंडल अधिकारियों (एसडीओ) और प्रखंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) से भी आग्रह किया है कि वे ऐसे स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार किए गए राष्ट्रीय ध्वजों की खरीद को प्राथमिकता दें, ताकि पश्चिम बंगाल की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा को बढ़ावा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश के अंत में लोगों से स्थानीय बुनकरों और कारीगरों का समर्थन करने तथा गर्व के साथ तिरंगा फहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी शिल्प और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना ही आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में सबसे मजबूत कदम है।