रांची,01 अक्टूबर। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि झारखंड के स्थानीय उत्पादों में व्यापक संभावनाएं हैं। गुणवत्ता, बेहतर डिजाइन, आधुनिक तकनीक और प्रभावी ब्रांडिंग के माध्यम से इन्हें देश-दुनिया में नई पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने तसर सिल्क की विशेष पहचान का उल्लेख करते हुए अन्य स्थानीय उत्पादों की संभावनाओं को भी आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
राज्यपाल गुरुवार को रांची के मोरहाबादी स्थित एक्सपो उत्सव 2026 के उद्घाटन में बोल रहे थे। राज्यपाल ने कहा कि उद्यमिता आत्मनिर्भरता, रोजगार और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। झारखण्ड के युवाओं में प्रतिभा और नए विचारों की कमी नहीं है। उन्हें सही मार्गदर्शन, अवसर और तकनीकी सहयोग देकर नए उद्यमों के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक, ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया ने व्यापार के तौर-तरीकों को तेजी से बदला है। छोटे उद्यम भी तकनीक के माध्यम से व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुँच सकते हैं। इसके लिए गुणवत्ता, विश्वसनीयता और ग्राहक सेवा पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
राज्यपाल ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने विचारों को प्रयोग और उद्यम का रूप दें, नई तकनीक सीखें तथा समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजें। उन्होंने कहा कि उद्यमिता के साथ ईमानदारी, गुणवत्ता और सामाजिक जिम्मेदारी को भी कार्यशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। ग्राहक का विश्वास किसी भी व्यवसाय की सबसे बड़ी पूंजी है। उद्यमी अपने व्यवसाय के साथ शिक्षा और सामाजिक विकास जैसे क्षेत्रों में भी योगदान दें।
राज्यपाल ने एक्सपो उत्सव को उत्पादों, सेवाओं और उद्यमियों को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए आयोजन के लिए जेसीआई को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प में युवा शक्ति, उद्यमिता, नवाचार और आत्मनिर्भरता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कामना की कि यह आयोजन नए विचारों को दिशा और झारखंड के उत्पादों को व्यापक पहचान देने का माध्यम बने।
मौके पर एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया की सात दिनों के इस उत्सव में कुल 400 स्टॉल्स देश के विभिन्न शहरो से लगेंगे, सभी स्टॉल्स वातानुकूलित है, बड़े ब्रांड्स, स्टार्ट अप्स, ऑटोमोबाइल्स, ड्राई फ्रूट्स सहित अन्य स्टॉल्स लगेंगे, औरतो के लिए एक समर्पित पिंक हेंगर लगा है, जिसमे सिर्फ महिला उद्यमियों को स्टाल्स दिया गया है, बच्चो के लिए एम्यूजमेंट पार्क है, जिसमे तरह तरह के झूले लगे हुए है ।
एक्सपो उत्सव सात अक्टूबर तक चलेगा। इस अवसर पर सौरभ जालान, राहुल टिबरेवाल, सौरव नारेड़ी, सीए दीपक पटेल, ऋषभ जालान, अनिमेश निखिल, अभिषेक केडिया, अनूप अग्रवाल, केदार मित्र, बिमल जेजानी, नारायण मुरारका, अनिल अग्रवाल सहित अन्य शामिल थे।
