deputy

पश्चिमी सिंहभूम, 01 अक्टूबर ।

पश्चिमी सिंहभूम समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की संयुक्त अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा, हाईवे सुरक्षा, खनन और विधि व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों और अभियंताओं से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेने के बाद आवश्यक निर्देश दिए गए।

सितंबर में हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर वहां सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने को कहा। राष्ट्रीय, राजकीय और ग्रामीण सड़कों पर संकेतक, चेतावनी बोर्ड और दिशा सूचक लगाने के साथ शराब पीकर एवं तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।

साथ ही बारिश के बाद सड़कों के किनारे जमा मिट्टी, गाद और झाड़ियों की सफाई कराने को कहा गया।

बैठक में बताया गया कि सितंबर में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई में पांच वाहन जब्त किए गए और 3.37 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। बालू घाटों और खनन क्षेत्रों में औचक निरीक्षण बढ़ाने का निर्देश दिया गया।

आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, पुलिस गश्ती और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच समन्वय बनाए रखने का निर्देश भी दिया गया।