जब्त हाईवा

पूर्वी सिंहभूम, 01 अक्टूबर।  पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध बालू के कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर गठित खनन टास्क फोर्स ने बुधवार की देर रात धालभूमगढ़ क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध बालू लदे सात हाईवा जब्त किए। यह कार्रवाई जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में की गई।

प्रशासनिक टीम ने रात करीब एक बजे से जांच अभियान शुरू किया, जो गुरुवार तड़के करीब सात बजे तक जारी रहा। इस दौरान धालभूमगढ़ क्षेत्र से होकर गुजर रहे बालू लदे बड़े वाहनों को रोककर उनके कागजात और परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान सात हाईवा के चालक बालू परिवहन से संबंधित वैध सरकारी चालान प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद टीम ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया।

जब्त किए गए सातों हाईवा को आवश्यक कार्रवाई के लिए धालभूमगढ़ थाना परिसर में रखा गया है। खनन विभाग की ओर से वाहनों के मालिकों और अवैध बालू परिवहन में संलिप्त अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन और बिना वैध दस्तावेजों के बालू परिवहन को किसी भी स्थिति में अनुमति नहीं दी जाएगी।

खनन विभाग और टास्क फोर्स की ओर से आगे भी ऐसे वाहनों के खिलाफ जांच और कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।