हनुमान मंदिर

पश्चिमी सिंहभूम, 01 अक्टूबर।  पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित श्री हनुमान मंदिर में बुधवार रात चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है।

अपराधियों ने मंदिर का मुख्य ताला तोड़कर दानपेटी में रखी चढ़ावे की राशि  चुरा ली।  शुक्रवार सुबह मंदिर के सेवादार पूजा के लिए पहुंचे, तब टूटा ताला और मंदिर परिसर में बिखरा सामान देखकर चोरी की जानकारी हुई। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मंदिर परिसर में जुट गए।

मंदिर समिति के प्रमुख अतरु यादव ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर परिसर में चोरी की यह पहली घटना है।

दानपेटी की धार्मिक दृष्टि से भी विशेष महत्ता थी। इसे सामान्य दिनों में नहीं खोला जाता था और रामनवमी से पहले साल में एक बार दानपेटी खोलकर राशि निकाली जाती थी। इसी राशि से मंदिर में रामनवमी महोत्सव का आयोजन किया जाता था।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि स्टेशन रोड से अतिक्रमण और दुकानों को हटाए जाने के बाद रात के समय इलाके में सन्नाटा रहता है।

इधर, चोरी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मंदिर परिसर के अलावा स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।