रिम्स

रांची, 26 जून। झारखंड के सबसे बड़े सरकारी चिकित्सा संस्थान रिम्स  में सीआईडी की कार्रवाई के बाद रिम्स के निदेशक प्रो. डॉ. राजकुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद स्वास्थ्य महकमे और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

गौरतलब है कि बुधवार को झारखंड सीआईडी की दो टीमों ने रिम्स में एडमिशन प्रक्रिया और टेंडर से जुड़ी कथित गड़बड़ियों की शिकायतों की जांच के लिए छापेमारी की थी। इस दौरान टीम ने डेटा सेंटर, डीन ऑफिस और प्रशासनिक विभाग में पहुंचकर कई महत्वपूर्ण फाइलों और दस्तावेजों की गहन जांच की।

सूत्रों के अनुसार, सीआईडी अधिकारियों ने रिम्स के निदेशक, डीन, चिकित्सा अधीक्षक समेत कई अधिकारियों और कर्मचारियों से घंटों पूछताछ की। जांच देर शाम तक जारी रही। इस दौरान कई डिजिटल रिकॉर्ड, दस्तावेज और फाइलें जब्त किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
सीआईडी की इस कार्रवाई को रिम्स में एडमिशन और टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि अभी तक आधिकारिक रूप से जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।