पूर्वी सिंहभूम, 8 जुलाई। जिले में मलेरिया के बढ़ते संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 10 दिनों के दौरान जिलेभर में 39,962 लोगों की जांच की गई, जिसमें 1,374 लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। इनमें सेरेब्रल मलेरिया के मरीजों की संख्या भी चिंताजनक बताई जा रही है। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी और व्यापक जांच अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।
जिलेभर में 10,202 लोगों की मलेरिया जांच की गई। जांच के दौरान 95 ब्रेन मलेरिया और सामान्य मलेरिया के नए मरीज सामने आए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण प्रभावित गांवों में डोर-टू-डोर जांच अभियान को और तेज करने का फैसला लिया है। अब जिस गांव में एक भी मलेरिया संक्रमित मरीज मिलेगा, वहां तीन दिनों के भीतर पूरे गांव की शत-प्रतिशत जांच सुनिश्चित की जाएगी।
इसी विषय पर अनुमंडल अस्पताल, घाटशिला में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मलेरिया नियंत्रण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को अभियान को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए गए। सिविल सर्जन ने कहा कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की टीम घर-घर जाकर रैपिड डायग्नोस्टिक किट (आरडीके) के माध्यम से लोगों की जांच करेगी। उन्होंने प्रतिदिन कम से कम 5,000 लोगों की जांच हर हाल में पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जांच के दौरान मिलने वाले प्रत्येक मलेरिया पॉजिटिव मरीज का विवरण तत्काल आईएचआईपी पोर्टल पर अपलोड किया जाए, ताकि संक्रमण की प्रभावी निगरानी और समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम प्रबंधन इकाई को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर जरूरतमंद मरीजों तक दवा और मेडिकल किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा सभी स्वास्थ्य केंद्रों को प्रतिदिन जांच रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेजने तथा जांच के दौरान जियो-टैग फोटो उपलब्ध कराने को कहा गया है। वेक्टर जनित रोग (वीबीडी) कार्यक्रम से जुड़े सभी कर्मी प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर अभियान चला रहे हैं। साथ ही मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाने के लिए इंडोर रेजिडुअल स्प्रे (आईआरएस) का कार्य भी जारी है और आवश्यकता के अनुसार सभी स्वास्थ्य केंद्रों को पर्याप्त मात्रा में मलेरिया जांच किट उपलब्ध कराई जा रही है।
