दान पेटी से चोरी का खुलासा, आरोपित गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम, 23 फ़रवरी । कदमा थाना क्षेत्र स्थित रामनगर रोड नंबर 6 के श्री श्री शिव-हनुमान मंदिर से दान पेटी चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कदमा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 11,976 रुपये बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान लक्ष्मण जोगी उर्फ बप्पी जोगी के रूप में हुई है, जो कदमा रोड नंबर 6 का निवासी है। सोमवार को थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा ने बताया कि 22 फरवरी की रात मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली गई थी।

घटना के बाद पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान फुटेज में लक्ष्मण जोगी की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। इसके आधार पर पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की, जहां वह चोरी की रकम गिनते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने दान पेटी से नकदी चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार, आरोपित नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। उस पर पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहने का संदेह है। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है तथा उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।-