मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी शिविर

15 मोतियाबिंद रोगियों के होंगे निशुल्‍क ऑपरेशन

कोलकाता, 23 जुलाई। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से मंगलवार को दो स्थानों पर निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्‍वास्‍थ्‍य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। एक शिविर कोलकाता के टांटिया हिंदी हाई स्कूल में तथा दूसरा मां शारदा फाउंडेशन के सहयोग से पंचानन ग्राम में आयोजित किया गया। दोनों शिविरों में कुल 710 मरीजों की जांच की गई।

शिविरों में नेत्र परीक्षण के दौरान  190 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जबकि 15 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित मिले। मोतियाबिंद से पीड़ित सभी मरीजों के निशुल्क ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में किए जाएंगे।

शिविर में आए सभी  मरीजों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, शुगर जांच एवं दंत परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का निशुल्क वितरण भी किया गया।

 

शिविर समन्वयक अजय दिवाकर ने  बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रह्लाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इस इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. सुकांतो राय, डॉ. अनिर्बान धर, डॉ. मलय दास एवं सरदार ज्योति सिंह का उल्लेखनीय योगदान रहा।

इस अवसर पर टांटिया हिंदी हाई स्कूल के ट्रस्टी वी.एन. टांटिया ने शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी द्वारा किए जा रहे जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्‍ध

अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्‍ध है। सोसायटी के अस्‍पताल में आम नागरिकों को न्‍यूनतम शुल्‍क पर बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं उपलब्‍ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।

अस्‍पताल में मौजूद होम्‍योपैथिक चिकित्‍सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्‍क देते हैं। यहां चिकित्‍सक से परामर्श मात्र 120 रुपए में लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्‍क उपलब्‍ध कराई जाती है। अस्‍पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।

नि:शुल्‍क सर्वाइकल वैक्‍सीन

सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्‍सीन नि:शुल्‍क देने का अभियान शुरू किया है।