ओंकार

रांची, 23 जुलाई । झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि वर्तमान मतदाता सूची के सभी मतदाताओं  को इन्यूमरेशन फॉर्म प्रिंट कर बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं।
यदि किसी कारणवश किसी मतदाता को इन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त नहीं हुए अथवा उनका इन्यूमरेशन फॉर्म खराब हो गया है तो वे अपने बीएलओ से संपर्क कर दूसरा इन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। सभी संबंधित ईआरओ/एईआरओ/डीईओ कार्यालय में संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं का इन्यूमरेशन फॉर्म का पीडीएफ उपलब्ध है।
कुमार ने कहा कि वर्तमान 2026 मतदाता सूची के जिन मतदाताओं को अभी भी इन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त नहीं है वे ऑनलाइन माध्यम से इसीनेट ऐप का इस्तेमाल कर भी अपने इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्यक्रम में इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर एवं हस्ताक्षर कर जमा करना अति आवश्यक प्रक्रिया है।
वर्तमान मतदाता सूची के मतदाता जो इस प्रक्रिया में भाग नहीं लेंगे उनका इन्यूमरेशन फॉर्म “वापस प्राप्त नहीं होने वाले इन्यूमरेशन फॉर्म” की सूची में चला जाएगा। इसके साथ साथ 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाले मतदाता सूची के ड्राफ्ट पब्लिकेशन में भी उनका नाम नहीं शामिल किया जा सकेगा।
कुमार ने 2026 मतदाता सूची के सभी पात्र मतदाताओं से अनुरोध किया है कि अपना इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर एवं हस्ताक्षर कर अपने बीएलओ को अवश्य उपलब्ध करा दें। यदि आपको अभी तक किसी कारणवश इन्यूमरेशन फॉर्म अप्राप्त है तो जल्द से जल्द अपने बीएलओ से संपर्क कर इसे भरकर जमा करें अथवा ऑनलाइन माध्यम से इसे भरकर जमा करें एवं अपने बीएलओ को सूचित करें। जिससे आपका मतदाता सूची में सूचीबद्ध होने के संवैधानिक अधिकार को सुनिश्चित किया जा सके।