पलामू 30 मई। पलामू पुलिस ने छत्तरपुर थाना क्षेत्र के चिल्हो खुर्द निवासी शिक्षक उदय सिंह हत्याकांड का उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 28 मई 2026 को चिल्हो खुर्द गांव निवासी 50 वर्षीय शिक्षक उदय सिंह की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक की पत्नी के आवेदन पर छत्तरपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छत्तरपुर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध सुरेन्द्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी सुरेन्द्र यादव और मृतक उदय सिंह पूर्व से परिचित थे। दोनों पारा शिक्षक के रूप में कार्य कर चुके थे तथा उनके बीच आर्थिक लेन-देन भी था। करीब छह माह पूर्व आरोपी ने उदय सिंह से 25 हजार रुपये उधार लिए थे। बाद में रुपये लौटाने को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोपी का आरोप है कि मृतक उससे ब्याज सहित 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। इसी विवाद और कथित अपमान से आक्रोशित होकर उसने योजनाबद्ध तरीके से हत्या की घटना को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 40 वर्षीय सुरेन्द्र यादव, पिता स्वर्गीय अर्जुन यादव, निवासी नाग बाबा के पास, छत्तरपुर थाना क्षेत्र, जिला पलामू के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों में अब भी शोक व्याप्त है।
