सिलीगुड़ी, 24 सितंबर । चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर देश में जारी राजनीतिक विवाद के बीच दार्जिलिंग जिला कांग्रेस ने गुरुवार को सिलीगुड़ी के हाशमी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग करते हुए उनका पुतला फूंका। यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है जब चुनाव आयोग के भीतर एसआइआर और मतदाता सूची से जुड़े कुछ फैसलों को लेकर दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों की रिपोर्ट सामने आई है। विपक्षी दलों ने इसे लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने कहा है कि बहु-सदस्यीय संस्था में अलग-अलग राय और टिप्पणियां आंतरिक विचार-विमर्श का सामान्य हिस्सा हैं और आयोग के हालिया फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं।
प्रदर्शन के दौरान दार्जिलिंग जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित तिवारी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआइआर के जरिए पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने मांग की कि एसआइआर लागू होने से पहले की मूल मतदाता सूची के आधार पर राज्य में दोबारा स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराया जाए।
