बारिश

रांची, 30 अगस्त । राजधानी रांची  एवं झारखंड के विभिन्न हिस्सों में दो सितंबर तक गरज के साथ बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।  यह जानकारी रविवार को मौसम विभाग ने दी।

विभाग के अनुसार, 31 अगस्त को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और  दक्षिण-पश्चिमी जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक 138 मिलीमीटर बारिश लातेहार जिले के महुआडांड में दर्ज की गई। इस दौरान गुमला में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रांची और आसपास के इलाकों में रविवार सुबह मौसम साफ रहा, जबकि दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए। रांची में दिन का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 32.4 और 26.3 डिग्री, बोकारो में 31.1 और 25.2 डिग्री तथा चाईबासा में 33.4 और 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।