हजारीबाग, 30 अगस्त । हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में 25 अगस्त से लापता संदीप ठाकुर उर्फ पापुन (18) की हत्या का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले के आरोपित सन्नी गंझू को गिरफ्तार कर रविवार को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने आपसी रंजिश के कारण संदीप की गोली मारकर हत्या करने और शव को दामोदर नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है। हालांकि, संदीप का शव अब तक बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस ने संदीप के लापता होने की सूचना मिलने के बाद केरेडारी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अनुसंधान के दौरान सन्नी गंझू पर संदेह गहराया। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें हत्या की बात सामने आने का पुलिस ने दावा किया है।
आरोपित से पूछताछ के बाद उसके बताए स्थान के आधार पर केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दामोदर नदी के किनारे जंगल में संदीप की तलाश शुरू की। इसी दौरान सिकमतांड़ के आसपास पुलिस को एक अज्ञात शव मिला। पुलिस ने संदीप के परिजनों को मौके पर बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने शव को संदीप का होने से इनकार कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने अज्ञात शव की पहचान के लिए आसपास के सभी थानों को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया गया है, जहां उसे फिलहाल शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शव किसका है और वह किन परिस्थितियों में वहां पहुंचा।
पुलिस ने बताया कि जंगल और नदी किनारे दुर्गम स्थान से शव को बाहर निकालने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से शव को करीब साढ़े तीन किलोमीटर तक कंधे पर उठाकर सड़क तक लाया गया, जिसके बाद उसे अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि बरामद अज्ञात शव और संदीप के लापता होने के मामले के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की तलाश कर रही है।
फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस संदीप के शव का पता लगाने और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच पर है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।-
