पूर्वी सिंहभूम, 16 अक्टूबर। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन ने कृषि भूमि की बिक्री पर गंभीर आपत्ति जताते हुए गुरुवार को उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को एक ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मांग की है कि देशभर में किसानों की कृषि योग्य भूमि को कम दामों पर पूंजीपतियों को सौंपे जाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए।
संगठन के सदस्यों ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसानों की जमीन धीरे-धीरे उद्योगपतियों के हाथों में जा रही है। इसके परिणामस्वरूप किसानों की जीविका संकट में पड़ गई है और भूमि छिनने का भय उनके बीच गहराता जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी आर्थिक और मानसिक दबाव के कारण कई किसान आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।
ज्ञापन में राष्ट्रपति से आग्रह किया गया है कि इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल संज्ञान लेकर किसानों की भूमि सुरक्षा के लिए ठोस नीतिगत कदम उठाए जाएं, ताकि कृषि आधारित आजीविका और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को स्थायित्व मिल सके।
