पलामू, 25 जून । पलामू जिला मुख्यालय के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा में फोरलेन सड़क पर गुरुवार को सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हाईवा ने स्कूटी सवार चालक को रौंद दिया। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाने के क्रम में उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के करार निवासी 35 वर्षीय माजिद आलम के रूप में हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोग उग्र हो गए और घटनास्थल के पास नेशनल हाईवे को जाम कर दिया । प्रदर्शनकारी उपायुक्त को वार्ता के लिए मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हैं। नीचे स्तर के किसी भी प्रशासनिक पदाधिकारी से बात नहीं कर रहे हैं। एक बार फिर घटनास्थल पर ओवर ब्रिज निर्माण की मांग तेज कर दी है। मुआवजा की भी मांग की जा रही है।
सड़क के दोनों छोर पर दर्जनों वाहन फंस गए हैं।
सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी मौके पर पहुंच गए हैं और जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार माजिद आलम स्कूटी से मेदिनीनगर आ रहे थे। पोखराहा चौक पर पहुंचने पर नेशनल हाईवे के फोरलेन पार करने के क्रम में एक हाइवा ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मारते हुए उन्हें रौंद दिया।
गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए एमएमसीएच में ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल में भर्ती उसके पहचान के लोगों ने उसके शव की पहचान की और परिजनों को सूचना दी।
बताते चले कि पोखराहा में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही है। 3 दिन पहले ही एक अज्ञात वाहन ने एक बुजुर्ग को धक्का मार दिया था। इलाज के लिए ले जाने के क्रम में उनकी मौत हो गई थी। इस घटना के विरोध में स्थानीय लोग और परिजनों ने साढे तीन घंटे तक नेशनल हाईवे को जाम कर दिया था। पिछले 15 दिनों के दौरान तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
