ओंकार समाचार
कोलकाता/ रिषड़ा, 15 जून। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार 14 जून को हुगली जिले के रिषड़ा में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
मारवाड़ी जन कल्याण समिति के सहयोग से आयोजित इस शिविर में लगभग 275 मरीजों का उपचार किया गया। शिविर में आए मरीजों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी तथा सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जांचें निशुल्क की गई। जरूरी दवाओं का वितरण भी निःशुल्क किया गय।
नेत्र परीक्षण दौरान 98 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जबकि 25 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में निःशुल्क किए जाएंगे।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रह्लाद रॉय गोयनका की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में डॉ. मलय दास, डॉ. शंकर मंडल एवं डॉ. एस. दे का सराहनीय योगदान रहा।
दिवाकर ने कहा कि संस्था भविष्य में भी जनसेवा के ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
